जांजगीर-चांपा में युवती से गैंगरेप, 4 आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में एक महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है. चार युवकों ने पीड़िता के साथ गैंगरेप करने के बाद उसके साथ जमकर हैवानित भी की है. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक घटना चांपा थाना क्षेत्र की है. बताया गया कि पीड़िता कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र की रहने वाली है.
पीड़िता के माता-पिता चांपा थाना क्षेत्र के एक बाड़ी में रहकर मजदूरी करते हैं. कुछ दिन पहले ही पीड़िता अपने माता-पिता से मिलने के लिए चांपा आई थी.
18 मई की दोपहर को युवती अपने पिता के साथ घर पर थी. युवती की मां और भाई पास के ही गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे.
उसी दौरान पास के गांव के चार युवक पिकनिक मनाने के लिए बाड़ी पहुंचे थे. चारों युवकों ने बाड़ी में ही खाना बनाया और जमकर शराब भी पी.
आरोपियों ने पीड़िता के पिता को भी शराब का सेवन कराया. कुछ देर बाद पीड़िता के पिता सो गए.
इसके बाद शराब के नशे में धुत्त चारों आरोपियों ने पीड़िता को डरा धमका कर बारी-बारी से दुष्कर्म किया. इसके बाद चारों मौके से फरार हो गए.
दूसरे दिन पीड़िता की मां जब घर पहुंची तब उसने मां को पूरी घटना बताई. इसके बाद चांपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
मेडिकल जांच में पीड़िता के प्राइवेट पार्ट में गहरे जख्म के निशान मिले हैं.
पुलिस चारों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी. इसी दौरान सूचना मिली कि चारों आरोपी ट्रक में सवार होकर छत्तीसगढ़ से बाहर भागने के फिराक में थे.
करतला के पास पुलिस ने चारों को धर दबोचा. आरोपियों में मनोज पटेल, नरेन्द्र पटेल और रामकुमार पेटल जमनीपाली उरगा के रहने वाले हैं.
वहीं एक अन्य आरोपी धरम पटेल कुदारी टाल जिला सक्ती का निवासी है. पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.