अब से इमरजेंसी के समय दुर्लभ ब्लड ग्रुप खोजने में आसानी होगी
नई दिल्ली । डेस्क: इमरजेंसी की स्थिति में अक्सर 'रेयर' यानी दुर्लभ ब्लड ग्रुप का इंतजाम करना परिजनों के लिए पहाड़ जैसा काम हो जाता है, लेकिन अब सरकार की नई सख्ती से यह राह आसान होने वाली है. केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने देश के सभी लाइसेंसी ब्लड बैंकों के लिए 'ई-रक्तकोष' पोर्टल पर पंजीकरण करना और अपने स्टॉक की जानकारी रोजाना अपडेट करना अनिवार्य कर दिया है.
इस पोर्टल के माध्यम से अब एक क्लिक पर यह पता चल सकेगा कि किस अस्पताल या ब्लड बैंक में कौन सा ब्लड ग्रुप उपलब्ध है. इससे न केवल मरीजों का कीमती समय बचेगा, बल्कि दुर्लभ ब्लड ग्रुप वाले डोनर्स की एक डिजिटल डायरेक्टरी भी तैयार होगी, जो जरूरत के समय जीवन रक्षक साबित होगी.
सरकार ने यह कड़ा रुख उन शिकायतों के बाद अपनाया है जहाँ खून की उपलब्धता की सही जानकारी न मिलने के कारण मरीजों को दर-दर भटकना पड़ता था.
नए नियमों के मुताबिक, अब हर ब्लड बैंक को अपने स्टॉक, डोनर की पहचान और उपलब्ध ब्लड कंपोनेंट्स का पूरा हिसाब ऑनलाइन पोर्टल पर देना होगा.
इससे पूरे देश के ब्लड बैंक एक नेटवर्क से जुड़ जाएंगे, जिससे किसी भी शहर में बैठे व्यक्ति को पता चल सकेगा कि उसे नजदीकी किस जगह से खून मिल सकता है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल पर जानकारी अपडेट न करने वाले ब्लड बैंकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में होने वाले निरीक्षणों में भी इसकी जांच की जाएगी. इस व्यवस्था से पारदर्शिता तो बढ़ेगी ही, साथ ही सुरक्षित रक्तदान सुनिश्चित होने से संक्रमण का खतरा भी कम होगा.
इस लिंक पर जाकर ब्लड खोज सकते हैं-https://eraktkosh.mohfw.gov.in/eraktkoshPortal/#/