शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

प. बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी ने आत्महत्या की

C

CG Khabar

16 अग. 2026, 06:25 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

 आशीष बनर्जी
आशीष बनर्जी

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर डॉ. आशीष बनर्जी का शव रविवार सुबह उनके आवास के पास स्थित पार्टी कार्यालय में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया. 75 वर्षीय आशीष बनर्जी रामपुरहाट सीट से लगातार पांच बार विधायक रहे थे. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.


मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के सभी आरोपों को खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया है. नोट में लिखा गया है कि उनका किसी भी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार से कोई लेना-देना नहीं था और उन्हें बदनाम करने के लिए पूरी तरह से झूठे आरोप लगाए गए. 


दरअसल, तारापीठ रामपुरहाट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर रहने के दौरान उन पर कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे थे, जिसे लेकर वे आहत थे.


इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है. टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुखद घटना राजनीति और पत्रकारिता में मर्यादा की सीमाएं तय करने पर सोचने को मजबूर करती है. 


उन्होंने कहा कि दुष्प्रचार अभियान चलाने वालों को अपने शब्दों और कार्यों के मानवीय परिणामों पर आत्मचिंतन करना चाहिए, क्योंकि राजनीति आती-जाती रहेगी लेकिन एक बार खोया हुआ जीवन वापस नहीं लाया जा सकता.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP