छत्तीसगढ़ में CISF की तर्ज पर 'राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल' का गठन होगा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के औद्योगिक परिदृश्य को सुरक्षित करने के लिए 'राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल' (SISF) के ब्लूप्रिंट को अंतिम रूप दे दिया है. केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की तर्ज पर गठित यह विशेष इकाई सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों के उद्योगों को पेशेवर सुरक्षा प्रदान करेगी.
पुलिस महानिदेशक (DGP) के सीधे कमान में काम करने वाले इस बल को दो शाखाओं कार्यकारी और सचिवालय में विभाजित किया गया है.
SISF 'यूजर-पे' मॉडल पर आधारित होगा, जिसका अर्थ है कि सुरक्षा का वित्तीय भार संबंधित उद्योगों द्वारा वहन किया जाएगा. किसी भी औद्योगिक इकाई में न्यूनतम 59 कर्मियों की तैनाती अनिवार्य होगी.
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए जवानों को 12 प्रतिशत अतिरिक्त भत्ता दिया जाएगा, जबकि उद्योग प्रबंधन को उनके लिए मुफ्त चिकित्सा, आवास और परेड ग्राउंड जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करनी होंगी.
सुरक्षा के साथ-साथ यह बल सुरक्षा ऑडिट, अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिए तकनीकी सलाहकार के रूप में भी सेवाएं देगा. उद्योगों को सुरक्षा मूल्यांकन के लिए 1,00,000 रुपये के अग्रिम शुल्क के साथ DGP को औपचारिक आवेदन करना होगा. Symbolic Photo