कमरे में लगी आग, पिता-पुत्र जिंदा जले
कमरे में आग लगने से पिता-पुत्र जिंदा जल गए
कोरिया | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बीती रात को अचानक घर में आग लगने से अंदर सो रहे पिता-पुत्र जिंदा जल गए.
मौके पर ही दोनों की मौत हो गई. जबकि बगल के कमरे में सो रही पत्नी को घटना के संबंध में भनक तक नहीं लगी. पुलिस के मुताबिक घटना बैकुंठपुर थाना क्षेत्र का है. यहां के आमापार निवासी राजू कुर्रे (26 साल) और उसका 5 साल का बेटा समर सोमवार की रात खाना खाने के बाद घर के अंदर अपने कमरे में सो रहे थे.
रात में अज्ञात कारणों से कमरे में आग लग गई. आग पूरे कमरे में फैल गई और पिता-पुत्र जिंदा जल गए. कमरे में रखा पूरा सामान भी जल गया.
युवक की पत्नी बगल के कमरे में सो रही थी, उसे घटना का पता ही नहीं चला. सुबह उठी तो कमरे में जलने की गंध आने लगी.
पति और बेटे को देखने दूसरे कमरे में गई तो वहां पूरा सामान जला हुआ था. जमीन पर सोए पति और बेटे का शव वहीं पर पड़ा हुआ था.
घटना की जानकारी लगते ही काफी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है.
हालांकि अभी तक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं लग पाया है. जबकि आग और दूसरे कमरे में कैसे नहीं फैली यह भी सोचने वाली बात है.
पुलिस घटना को हत्या, आत्महत्या सहित अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है.