कलियुगी पिता ने गिनती न आने पर 4 साल की बेटी को मरते दम तक पीटा
फरीदाबाद । डेस्क: हरियाणा के फरीदाबाद में एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 4 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, 31 वर्षीय आरोपी कृष्ण जायसवाल अपनी बेटी को घर पर पढ़ाई करा रहा था और जब बच्ची 1 से 50 तक गिनती नहीं लिख पाई, तो वह अपना आपा खो बैठा.
गुस्से में आकर उसने मासूम को जमीन पर पटक दिया और बेलन से उसकी इतनी पिटाई की कि उसकी मौत हो गई.
यह घटना झाड़सेंतली गाँव की है, जहाँ आरोपी अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शराब पीने का आदि था और अक्सर अपनी पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट करता था.
वारदात के समय आरोपी की पत्नी काम पर गई हुई थी. बच्ची की मौत के बाद आरोपी ने इसे हादसा दिखाने की कोशिश की और पत्नी को फोन कर बताया कि बच्ची सीढ़ियों से गिर गई है.
हालाँकि, अस्पताल पहुँचने पर जब माँ ने बच्ची के शरीर पर चोट के निशान देखे, तो उसे शक हुआ और उसने तुरंत सेक्टर 58 पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.