भारी बारिश से शिमोगा में मिट्टी के टीले में दबा परिवार, 3 की मौत
बेगलुरु । डेस्क: कर्नाटक के शिमोगा जिले में देर रात हुए एक भीषण हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. जिले के इंदिरा नगर इलाके में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण अचानक एक पहाड़ी का टीला ढह गया, जिसकी चपेट में आकर एक शेड पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया. हादसे के समय शेड के भीतर एक ही परिवार के लोग गहरी नींद में सो रहे थे, जिन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला.
दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक 35 वर्षीय मल्लिकार्जुन, उनकी 28 वर्षीय पत्नी नागवेणी और उनके तीन साल के मासूम बेटे संतोष की मलबे में दबने से मौत हो चुकी थी.
यह पीड़ित परिवार मूल रूप से कोप्पल जिले के गंगावती तालुक का रहने वाला था. इस हादसे में पास के शेड में रह रहा एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मालनाड क्षेत्र में हो रही अनवरत बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बेहद बढ़ गया है.
गौरतलब है कि इस मानसून सीजन में शिमोगा जिले में भूस्खलन की यह पहली बड़ी घटना नहीं है. इससे पहले हुलिकल घाट पर रिटेनिंग वॉल का काम कर रहे तीन निर्माण श्रमिकों की भी भूस्खलन की चपेट में आने से जान चली गई थी. लगातार हो रहे इन हादसों ने बारिश के दौरान तटीय और पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.