शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

एननोर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में हादसा: 9 प्रवासी मजदूरों की मौत

C

CG Khabar

30 सित. 2025, 06:22 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

प्लांट हादसा
प्लांट हादसा

चेन्नई । डेस्क: तमिलनाडु के एननोर स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एसईजेड) थर्मल पावर प्रोजेक्ट के निर्माण स्थल पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ. जिसमें असम के नौ प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई और एक मजदूर घायल हो गया. यह घटना उस समय हुई जब मजदूर 20 फीट से अधिक ऊंचाई पर एक कंक्रीट आर्च के निर्माण के लिए लगाए गए लोहे के स्कैफोल्डिंग के ढहने से नीचे गिर गए.


अवादी पुलिस आयुक्त कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, ये मजदूर 1,320 मेगावाट के एननोर एसईजेड थर्मल पावर स्टेशन के लिए काम कर रहे थे. हादसे के तुरंत बाद, अन्य मजदूरों ने घायलों को बचाया और उन्हें सरकारी स्टैनली अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, नौ मजदूरों की रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि एक घायल मजदूर का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

विज्ञापन


कट्टूर पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतकों की पहचान मुन्नाकेम्प्राल, विदायम प्रवोत्शा, सुमोन कारिकाप, दीपक रायजियुंग, सरबोनित थाउसेन, प्रांतो सोरोंग, पबन सोरोंग, फैबिट फोंगलो और बिमाराज थाउसेन के रूप में हुई है, जो सभी असम के प्रवासी मजदूर थे.


तमिलनाडु पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक जे. राधाकृष्णन, वरिष्ठ बिजली अधिकारियों के साथ, अस्पताल में घायल मजदूर की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे.


प्रधानमंत्री ने की मुआवजे की घोषणा


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के लिए 2 लाख रुपये और घायल के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की. 


उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "चेन्नई, तमिलनाडु में इमारत ढहने के कारण हुए हादसे से दुखी हूं. मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP