बीजापुर में मुठभेड़, दो माओवादी मारे गए
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए हैं. सुरक्षा बलों ने मौके से दोनों माओवादियों के शव के साथ 303 रायफल सहित अन्य हथियार एवं बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए हैं.
पिछले 24 घंटे के भीतर छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों को ये दूसरी बड़ी कामयाबी मिली है. गुरुवार को गरियाबंद जिले में माओवादी पार्टी के सेंट्रल कमेटी मेंबर मनोज उर्फ मॉडेम बालकृष्ण उर्फ़ भास्कर सहित 10 माओवादी मारे गए थे.
बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
शुक्रवार की सुबह सुरक्षा बलों का माओवादियों से आमना-सामना हुआ. इसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हुई.
जानकारी के मुताबिक अभी तक मुठभेड़ जारी है. दोनों ओर से रुक-रुक कर गोला-बारी हो रही है.
इस बीच सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से 2 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं. साथ ही मौके से 303 रायफल सहित अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी बरामद हुई हैं.
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है. चूंकि ऑपरेशन अभी चल रहा है, इसलिए ऑपरेशन पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.