सुकमा में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी
सुकमा में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड जारी
सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में गुरुवार सुबह से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है. यह मुठभेड़ जिले के पश्चिमी क्षेत्र के घने जंगल और पहाड़ी इलाकों में हो रही है.
सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि गुरुवार सुबह से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है.
उन्होंने कहा कि फिलहाल मुठभेड़ स्थल की सटीक लोकेशन, ऑपरेशन में लगे बलों की संख्या या अन्य संवेदनशील जानकारियां साझा करना उचित नहीं है. सुरक्षा बलों की सुरक्षा को देखते हुए यह एहतियात बरती जा रही है.
उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्कता और रणनीति के साथ इस पूरे अभियान को अंजाम दे रही हैं. ऑपरेशन पूर्ण होने के बाद मुठभेड़ से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.
पुलिस के मुताबिक सुकमा जिले के पश्चिमी क्षेत्र के जंगल में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर बुधवार की देर रात से सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
18 सितंबर की सुबह माओवादियों और जवानों के बीच आमना-सामना हुआ. जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग चल रही है.
जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ वाले स्थान हमेशा से माओवादी गतिविधियों का गढ़ रहा है. फिलहाल सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है. दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है.
हालांकि अब तक किसी तरह हताहतों के बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. सुरक्षा बलों ने इलाके में सघन सर्चिंग अभियान भी चला रखा है.