सरगुजा में हाथी ने ग्रामीण को कुचला
सरगुजा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक बार फिर हाथी ने एक ग्रामीण की जान ले ली. गुरुवार को ग्रामीण अपने घर के पास बैठा था, उसी दौरान हाथी ने उसे सूंढ़ ने उठाकर पटक दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
बताया गया कि यह हाथी रात में सीतापुर वन परिक्षेत्र से लुंड्रा वन परिक्षेत्र की ओर भटक आया था. इसके बाद हाथी उरदरा के आस-पास मंडरा रहा था.
वन विभाग ने लुंड्रा में हाथी घुसने की सूचना आसपास के गांव में मुनादी करा दे दी थी. इसी बीच अचानक हाथी उरदरा के पास से गायब हो गया, जिसके बाद वनकर्मी उसे ट्रेस नहीं कर पाए.
गुरुवार को हाथी अचानक सरईडीह गांव में आ धमका. इस बीच गांव के तिलक राम गोड़ का हाथी से आमना-सामना हो गया.
तिलक भाग पाता उससे पहले ही हाथी ने उसे सूंढ़ से उठाकर पटक दिया. इसके बाद पैरों से उसे कुचल दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. विभाग ने मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि दी.
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. वन विभाग ने आसपास के गांवों के ग्रामीणों को हाथी की मौजूदगी की जानकारी देकर सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है.