चुनाव आयोग कर रहा भाजपा के लिए काम- पायलट
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने राजनांदगांव और दुर्ग में वोट चोर-गद्दी छोड़ यात्रा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के साथ मिलकर लोकतंत्र को कमजोर कर रहा है. चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है जिसे लेकर हम लगातार पूरे देश में आंदोलन प्रदर्शन कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एक मुहिम छेड़ी है. यह मुहिम लगातार जारी हैं. राहुल गांधी ने वोट चोरी के सबूत दिए. लेकिन उस पर काम करने के बजाय चुनाव आयोग ने उल्टा उन्हें ही नोटिस थमा दिया. जबकि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा पर भी यही आरोप लगे, लेकिन उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला.
पायलट ने कहा कि चुनाव आयोग अब भाजपा सरकार के लिए काम करता दिख रहा है. चुनाव आयोग जान बूझकर वोट चोरी को बढ़ावा दे रहा है. उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है कि भाजपा ध्यान भटकाती है और चुनाव आयोग वोट चोरी का संरक्षण कर रहा है. छत्तीसगढ़ में जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस की सरकार बनेगी.
पायलट ने कहा कि वोट चोरों को देश की जनता माफ नहीं करेगी. देशभर में वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठ रही है. उन्होंने कहा कि जो लोग वोट चोरी कर रहे हैं, उनका संरक्षण इलेक्शन कमीशन कर रहा है. हम आरोप नहीं लगा रहे हैं. मैं चाहता हूं कि निर्वाचन आयोग सामने आए, स्पष्ट करे, जांच का आदेश दे और सत्यता की जानकारी ले. लेकिन चुनाव आयोग उल्टा विपक्ष पर सवाल खड़ा कर रहा है.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ा खतरा तब है, जब वोट का अधिकार छीन लिया जाएगा. इसके लिए हम संघर्ष करेंगे. आम जनता समझ चुकी है कि वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाते हैं, गड़बड़ी की जाती है और वोट की चोरी की जाती है.
जनता बिजली और बिल दोनों से परेशान- भूपेश
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि निर्वाचन आयोग देश का नहीं भाजपा का बन गया है. वोट चोरी के मामले में चुनाव आयोग की तरफ से कोई जवाब नहीं आया. जबकि भाजपा उसका जवाब देती है.
भूपेश बघेल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में वोटों की चोरी हुई. वोटर लिस्ट में किसी का नाम काट दिया गया तो किसी का तीन-तीन बार नाम है. एक घर से सैकड़ों नाम भी सामने आए हैं.
बिजली बिल हाफ योजना को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में बिजली बिल नहीं बढ़ाया गया, लेकिन भाजपा ने आते ही पहले बिजली की दरें बढ़ाई. अब बिजली बिल हाफ योजना को बंद कर दिया. छत्तीसगढ़ की जनता बिजली और बिल दोनों से परेशान है. किसान, मजदूर और जनता त्रस्त है.