जादू-टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या
त्तीसगढ़ में जादू-टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या
कांकेर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कांकेर में जादू-टोना के शक में सात लोगों ने मिलकर एक बुजुर्ग की हत्या कर दी. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपियों को शक था कि बुजुर्ग जादू-टोना करता है. जिस वजह से उसके परिवार के लोग परेशान रहते हैं.
दरअसल हत्या एक फरवरी को हुई थी. 2 फरवरी को पुलिस को हत्या की जानकारी दी गई.
लेकिन पुलिस एक दिन बाद 3 फरवरी को घटना स्थल पहुंची और पंचनामा तैयारी किया. 4 फरवरी को आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
घटना आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के मंडानार गांव की है. पुलिस के मुताबिक गांव के समारू राम पोया (60 साल) खेती-बाड़ी का काम करते थे.
एक फरवरी की रात लगभग 8 बजे बुजुर्ग खाना खाने के बाद अपने घर की बाड़ी में रोज की तरह सोने चले गए.
दूसरे दिन सुबह काफी देर हो जाने के बाद भी वह घर नहीं लौटे तो बेटे रामसाय पोया को देखने बाड़ी पहुंचे.
जहां समारू राम खाट पर लेटे हुए थे लेकिन सिर पर चोट लगी हुई थी. खाट और जमीन पर खून फैला हुआ था और उनकी मौत हो चुकी थी.
खाट के पास ही एक लोहे की हथौड़ी पड़ी हुई थी.
मृतक के बेटे रामसाय ने घटना की जानकारी गांव वालों को देने के बाद आमाबेड़ा थाना शिकायत दर्ज कराने पहुंचे. लेकिन पुलिस दूसरे दिन घटना स्थल पहुंची.
पुलिस का कहना है कि यह माओवादी इलाका है और पुलिस के पास पर्याप्त बल नहीं होने के कारण तुरंत वहां पहुंचना मुमकिन नहीं था.
3 फरवरी को पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. साथ ही मामले की तहकीकात के लिए एक टीम गठित कर जांच शुरू की.
मामले में गांव के ही कुछ लोगों पर शक होने पर उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की. पहले तो वे कुछ नहीं बता रहे थे.
पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो वे लोग टूट गए और जादू-टोना के शक में हत्या करना स्वीकार कर लिया.
पुलिस ने मामले में गणेश मातलाम, रमेश मातलाम, बुधराम मातलाम, सगउ राम मातलाम दुरगूराम मामतलाम, रतन सिंह मातलाम और लखमू राम कोरेटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
सभी आरोपी मंडानार गांव के ही रहने वाले हैं.