शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

हिमाचल घूमने गए छत्तीसगढ़ के अरविंद चंद्राकर समेत 8 की मौत

C

CG Khabar

31 मई 2026, 11:25 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

हिमाचल घूमने गए छत्तीसगढ़ के 8 की मौत
हिमाचल घूमने गए छत्तीसगढ़ के 8 की मौत

चंबा | संवाददाता: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में घूमने आए छत्तीसगढ़ के दुर्ग और कर्नाटक के दो परिवारों की छुट्टियां दर्दनाक हादसे में खत्म हो गईं. बैरागढ़-किलाड़ मार्ग पर कालबन के पास एक टैक्सी वाहन करीब 700 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसमें सवार दो बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई. हादसे में पर्यटकों के साथ टैक्सी चालक की भी जान चली गई.


मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची चंद्राकर, पुत्र दर्श चंद्राकर और अक्षद चंद्राकर के रूप में हुई है. अरविंद चंद्राकर बेंगलुरु में रह कर काम करते थे.


वहीं कर्नाटक निवासी पी. जी. कार्तिकेयन, उनकी पत्नी मणिमाला और पुत्र नंदन की भी दुर्घटना में मौत हो गई. हादसे में जान गंवाने वाले टैक्सी चालक की पहचान चंबा जिले के बनीखेत निवासी विश्वास के रूप में हुई है.


जानकारी के अनुसार, सभी पर्यटक हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध साच पास क्षेत्र में बर्फबारी और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए निकले थे. उन्होंने डलहौजी से टैक्सी बुक की थी और साच पास की ओर रवाना हुए थे. इसी दौरान शुक्रवार रात कालबन के समीप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा.


देर रात तक टैक्सी के वापस नहीं लौटने पर वाहन मालिक को अनहोनी की आशंका हुई. जीपीएस लोकेशन की जांच में वाहन की स्थिति कालबन क्षेत्र के पास स्थिर मिली, जिसके बाद खोजबीन शुरू की गई. शनिवार को वाहन के खाई में गिरने की पुष्टि होने पर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई.


दुर्घटना स्थल बेहद दुर्गम होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा. खड़ी पहाड़ियों, पथरीले रास्तों, खराब मौसम और मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता ने रेस्क्यू अभियान को और कठिन बना दिया. शनिवार को शवों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका.


रविवार सुबह पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी के नेतृत्व में एसडीआरएफ, पुलिस टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया. खाई की गहराई को देखते हुए बचाव दल ने ह्यूमन चेन बनाई और रस्सियों की सहायता से एक-एक कर सभी शवों को ऊपर सड़क तक पहुंचाया. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद पर्यटकों और चालक के शवों को खाई से बाहर निकाला गया.


इसके बाद सभी शवों को मेडिकल कॉलेज चंबा की मोर्चरी में रखवाया गया. पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है.


फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में सड़क पर फिसलन, चालक को झपकी आने, तेज रफ्तार अथवा वाहन में तकनीकी खराबी जैसे संभावित कारणों को ध्यान में रखा गया है. अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP