12 साल में शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया- राहुल गांधी
नई दिल्ली । डेस्क: नीट-यूजी (NEET-UG) परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विवाद के बीच मध्य प्रदेश की एक छात्रा की खुदकुशी के मामले ने तूल पकड़ लिया है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस दुखद घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर सीधा निशाना साधा है.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने पिछले 12 वर्षों में देश की शिक्षा व्यवस्था को इस कदर बर्बाद कर दिया है कि आज देश की पूरी युवा पीढ़ी को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ रही है.
यह विवाद मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले की रहने वाली नीट अभ्यर्थी आकांक्षा चतुर्वेदी की नागपुर में हुई कथित खुदकुशी के बाद गरमाया है. खबरों के मुताबिक, आकांक्षा नीट परीक्षा रद्द होने और उसके भविष्य को लेकर पैदा हुई अनिश्चितता के बाद गहरे अवसाद में थीं.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि आकांक्षा के पिता, जो कि एक किसान हैं, ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाने के सपने को पूरा करने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड पर 3 लाख रुपये का कर्ज लिया था. यहाँ तक कि उन्होंने नागपुर में एक रसोइए के रूप में काम करना शुरू कर दिया था ताकि उनकी बेटी कोचिंग की पढ़ाई पूरी कर सके.
कांग्रेस नेता ने सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सिर्फ एक आत्महत्या नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में पनपी एक भ्रष्ट और जर्जर व्यवस्था का नतीजा है.
उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इतनी बड़ी लापरवाही के बाद भी वे अपने पद पर बने हुए हैं और पुरानी कमेटियों, तबादलों तथा जांच के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है, जबकि युवाओं को न तो कोई सुधार दिख रहा है और न ही न्याय मिल रहा है.
गौरतलब है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 3 मई को किया गया था, जिसे पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बाद 12 मई को रद्द कर दिया गया था. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है और सरकार ने अब 21 जून को दोबारा परीक्षा (री-एग्जाम) कराने का फैसला किया है.