छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों में ED का छापा
रायपुर | संवाददाता :छत्तीसगढ़ समेत देश के 10 राज्यों में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने मेडिकल कॉलेज स्कैम की जांच के तहत 15 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. दिल्ली से पहुंची ED की टीम रायपुर में भी कई स्थानों पर तलाशी ले रही है.
यह कार्रवाई केंद्रीय जांच ब्यूरो CBI द्वारा 30 जून को दर्ज की गई FIR के आधार पर की जा रही है, जिसमें निजी मेडिकल कॉलेजों में निरीक्षण प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे.
FIR में कहा गया है कि नेशनल मेडिकल कमीशन NMC के कुछ अधिकारी और अन्य सरकारी कर्मचारी रिश्वत लेकर मेडिकल कॉलेजों को इंस्पेक्शन से जुड़ी गोपनीय जानकारी पहले से उपलब्ध कराते थे.
इस जानकारी का इस्तेमाल करते हुए कुछ कॉलेजों के मैनेजर और बिचौलिए निरीक्षण के निर्धारित पैरामीटर्स में हेरफेर कर लेते थे, जिससे कॉलेजों को उन कोर्सों की मंजूरी भी मिल जाती थी जिनके लिए वे सामान्य तौर पर पात्र नहीं थे.
ED की कार्रवाई जिन स्थानों पर चल रही है, उनमें अलग-अलग राज्यों के सात निजी मेडिकल कॉलेजों के साथ ही FIR में नामित व्यक्तियों के आवास और अन्य ठिकाने शामिल हैं.
छापेमारी का दायरा काफी विस्तृत है और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में टीमें जांच कर रही हैं. ED यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत से अर्जित धन को किस तरह इस्तेमाल किया गया और क्या इसे मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए वैध रूप देने की कोशिश की गई.