दुर्ग: शिवनाथ नदी में डूबने से दो भाइयों की मौत
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार की शाम एक बड़ा हादसा सामने आया, जहाँ शिवनाथ नदी में नहाने गए दो सगे चचेरे भाइयों की डूबने से जान चली गई. घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत छातागढ़ के समीप की है. मृतकों की पहचान कैलाश नगर निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद फैजल और 14 वर्षीय मोहम्मद ईशांत के रूप में हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांच दोस्तों का एक समूह रविवार की छुट्टी मनाने नदी किनारे पहुँचा था. नहाने के दौरान फैजल और ईशांत गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और अचानक 10-12 फीट गहरे पानी में समा गए.
उन्हें डूबता देख बाकी तीन दोस्तों ने खुद को बचाने का प्रयास किया और सुरक्षित बाहर निकल आए. बदहवास साथियों ने तत्काल शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी.
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुँची.
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने लगभग चार घंटे की खोजबीन के बाद दोनों युवकों के शवों को बरामद किया.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.