शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग: ट्रैक्टर चालक पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत

C

CG Khabar

05 अग. 2026, 02:47 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

भीषम गायकवाड़
भीषम गायकवाड़

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित जामुल थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी में एक ट्रैक्टर चालक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. नारधा बस्ती के रहने वाले 36 वर्षीय भीषम गायकवाड़ पर हमला हुआ था, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है.


मृतक भीषम गायकवाड़ पेशे से ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करते थे. उनके सिर से साया उठने के बाद अब उनके तीन छोटे बच्चों और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वारदात के तुरंत बाद घायल भीषम को कुम्हारी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ डॉक्टरों के भरसक प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.


यह पूरी घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है. भीषम किसी काम से घर से बाहर निकले थे, तभी जामुल निवासी 40 वर्षीय अरविंद चतुर्वेदी उर्फ लोमन से उनकी किसी बात को लेकर बहस हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना गहरा गया कि आरोपी अरविंद ने आपा खो दिया और भीषम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.


गंभीर रूप से घायल युवक को लहूलुहान हालत में तड़पता देख आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और उन्हें अस्पताल पहुँचाया. 


वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी अरविंद चतुर्वेदी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में ले लिया. पुलिस का कहना है कि शुरुआत में दर्ज की गई प्राथमिकी को अब हत्या के अपराध में बदल दिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP