दुर्ग: 7 नाबालिगों ने युवक की बेरहमी से हत्या
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महज 1500 रुपये के लेनदेन के विवाद में 7 नाबालिगों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात में शामिल सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
यह खौफनाक वारदात 17 जून 2026 की रात को अंजाम दी गई. पुलिस जांच के अनुसार, मृतक ने मुख्य आरोपी से 1500 रुपये उधार लिए थे. बार-बार मांगने के बाद भी जब उसने पैसे वापस नहीं किए, तो आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली.
योजना के तहत मुख्य आरोपी ने युवक को फोन कर एक राइस मिल के पास बुलाया, जहां बाकी आरोपी पहले से ही घात लगाए बैठे थे.
युवक के वहां पहुंचते ही सभी ने उसे चारों तरफ से घेर लिया. इसके बाद आरोपियों ने भारी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया और कटर से उसके सीने, पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपियों ने शव को पास के एक कुएं में फेंक दिया और वहां से फरार हो गए.
अगले दिन 18 जून को पुलिस को कुएं में शव होने की सूचना मिली, जिसके बाद शव को बाहर निकाला गया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान मिले थे.
संदेहियों की तलाश के दौरान पुलिस ने सात आरोपियों को हिरासत में लिया, जो सभी नाबालिग हैं. प्राथमिक पूछताछ में हत्या की वजह 1500 रुपये का वित्तीय विवाद सामने आई है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पत्थर, कटर और अन्य सबूतों को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है.