शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कांग्रेस ज़िलाध्यक्षों की नियुक्ति में केवल 12% महिलाओं को जगह

C

CG Khabar

28 नव. 2025, 05:58 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

कांग्रेस
कांग्रेस

रायपुर | संवाददाता: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 41 जिलाध्यक्षों की नई सूची जारी कर दी है. इस सूची में राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर और सरगुजा तक सभी प्रमुख जिलों में नेतृत्व परिवर्तन या पुनर्नियुक्ति की गई है.


रायपुर शहर का दायित्व श्रीकुमार शंकर मेनन को सौंपा गया है, जबकि रायपुर ग्रामीण की कमान राजेंद्र ‘पप्पू’ बंजारे को मिली है. बिलासपुर शहर में सिद्धांशु मिश्रा को और बिलासपुर ग्रामीण में महेंद्र गंगोत्री को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. सुकमा में पूर्व मंत्री कवासी लखमा के पुत्र हरीश लखमा को जिम्मेदारी देकर प्रदेश नेतृत्व ने युवा और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को भी तरजीह दी है.


जारी की गई सूची में 41 में से 25 चेहरों को पहली बार मौका मिला है, जबकि 16 जिलाध्यक्षों पर पुनः भरोसा जताया गया है. सामाजिक विविधता को ध्यान में रखते हुए इस सूची में 13 OBC, 4 ST, 5 SC, 1 अल्पसंख्यक और 18 सामान्य वर्ग के नेताओं को शामिल किया गया है, जिससे संगठनात्मक संरचना को संतुलित स्वरूप देने की कोशिश स्पष्ट दिखाई देती है.


महिला प्रतिनिधित्व के लिहाज से भी इस बार संगठन ने सकारात्मक कदम बढ़ाया है. बलौदाबाजार से सुमित्रा धृतलहरे, धमतरी से तारिणी चंद्राकर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से गजमती भानु, सक्ती से रश्मि गभेल और सूरजपुर से शशि सिंह को जिलाध्यक्ष बनाया गया है. सभी 5 नियुक्तियों को मिलाकर महिलाएं कुल सूची का करीब 12.2% हिस्सा हैं.


प्रदेश के अन्य जिलों में भी कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं. महासमुंद में द्वारिकाधीश यादव, मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर में अशोक श्रीवास्तव और मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी में सुरजीत सिंह ठाकुर को जिलाध्यक्ष बनाया गया है. 


रायगढ़ शहर का नेतृत्व अब शाखा यादव के हाथों में होगा, जबकि रायगढ़ ग्रामीण की जिम्मेदारी नागेंद्र नेगी को सौंपी गई है. बालोद में चंद्रेश कुमार हिरवानी, बलरामपुर में हरिहर प्रसाद यादव और बस्तर ग्रामीण में प्रेम शंकर शुक्ला को नई जिम्मेदारी मिली है. दंतेवाड़ा में सलीम राजा उस्मान, दुर्ग शहर में धीरज बाकलीवाल, कोंडागांव में रवि घोष और कोरबा शहर में मुकेश कुमार राठौर को संगठन ने जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP