रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

धमतरी: 15 ग्राम हेरोइन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, मुख्य सप्लायर की तलाश

धमतरी जिले में 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत पुलिस ने हेरोइन बेचने वाले 3 आरोपियों को दबोचा. करीब 3.53 लाख रुपये का सामान जब्त कर पुलिस मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी.

C

CG Khabar

08 नव. 2026, 08:26 AM 2 मिनट में पढ़ें 28

हेरोइन तस्कर गिरफ्तार- धमतरी
हेरोइन तस्कर गिरफ्तार- धमतरी

धमतरी । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले को नशामुक्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में 'ऑपरेशन निश्चय' अभियान चलाया जा रहा है. इसी मुहिम के अंतर्गत थाना सिटी कोतवाली और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में 24 वर्षीय केशव उर्फ बब्लू सोनी (निवासी रिसाई पारा), 19 वर्षीय शुभम सोनी (निवासी जोधापुर वार्ड) तथा 25 वर्षीय आशुतोष उर्फ आशु तिवारी (निवासी आमा तालाब रोड) को गिरफ्तार कर लिया गया है. 

पुलिस ने तीनों के विरुद्ध नारकोटिक्स एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला पंजीकृत किया है और उन्हें न्यायालय में पेश करने के उपरांत जेल भेजने की तैयारी की जा रही है. वहीं पूछताछ के दौरान आरोपियों से नशे के कारोबार के मुख्य सरगना का नाम उजागर हुआ है, जिसकी धरपकड़ के लिए पुलिस की स्पेशल टीम लगातार छापेमारी कर रही है.

नशे के सौदागरों के खिलाफ यह पूरी सफलता मुखबिर की सटीक सूचना के बाद हासिल हुई. सूचना मिली थी कि सोरिद नगर स्थित शीतला मंदिर के पास कुछ युवक नशीला पदार्थ बेच रहे हैं. 

इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को रंगे हाथों धर दबोचा. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 15 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये है. 

इसके अतिरिक्त उनके कब्जे से 9 हजार रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. इस तरह कार्रवाई में कुल 3 लाख 53 हजार रुपये मूल्य की सामग्री पुलिस के हाथ लगी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP