बिलासपुर में जज पर FIR के बाद सरकंडा थाना प्रभारी लाइन अटैच
बिलासपुर में फैमिली कोर्ट के जज के खिलाफ FIR दर्ज होने के विवाद के बाद प्रशासनिक फेरबदल, सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य लाइन अटैच.
बिलासपुर । संवाददाता: न्यायधानी बिलासपुर के पुलिस विभाग में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह द्वारा जारी आदेश के तहत सरकंडा थाने की कमान संभाल रहे प्रदीप आर्य को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है. प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए शासन ने उनकी जगह अब नरेश चौहान को सरकंडा थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया है.
इस पूरी कार्रवाई को करीब एक हफ्ते पुराने एक चर्चित विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है.
महासमुंद कुटुंब न्यायालय में पदस्थ और बिलासपुर के राजकिशोर नगर निवासी न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी के साथ मारपीट की घटना हुई थी.
जन्मदिन के कार्यक्रम में देर रात तक ढोल-नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने से परेशान होकर जब न्यायाधीश ने इस पर आपत्ति जताई, तो विवाद खड़ा हो गया था. आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने न्यायाधीश व उनके परिवार के साथ अभद्रता और मारपीट की.
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों पर मामला दर्ज किया था, लेकिन साथ ही दूसरे पक्ष की शिकायत के आधार पर जज के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी.
न्यायाधीश के विरुद्ध मामला दर्ज होते ही न्यायिक अधिकारियों ने इस पर कड़ा विरोध जताया. उनका कहना था कि किसी न्यायाधीश के खिलाफ केस दर्ज करने से पूर्व आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच नहीं की गई. इसी खींचतान के बीच अब थाना प्रभारी को हटाकर नरेश चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई है.