पाकिस्तान में पेट्रोलियम खपत कम ‘स्मार्ट लॉकडाउन’ पर मंथन
नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी तेजी के बीच पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में बड़ा इजाफा किया है. मंगलवार रात जारी अधिसूचना के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 4.10 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की दर में 6.41 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है.
इस संशोधन के बाद अब देश में पेट्रोल 384.34 रुपये प्रति लीटर और डीजल 415.83 रुपये प्रति लीटर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया है.
हॉर्मुज और बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य के आसपास सुरक्षा स्थिति बिगड़ने तथा सऊदी अरब की प्रमुख ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन पर हवाई हमलों के कारण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हुई है. इस संभावित संकट से निपटने के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें पेट्रोलियम खपत कम करने के लिए 'स्मार्ट लॉकडाउन' और विभिन्न किफायती उपायों पर चर्चा हुई.
इन प्रस्तावों में परिवहन क्षेत्र में ईंधन की खपत घटाने, सप्ताह में केवल चार दिन काम करने और बाजारों को शाम को जल्दी बंद करने जैसे कदम शामिल हैं. हालांकि, जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक ने किसी भी तरह के 'स्मार्ट लॉकडाउन' की अफवाहों को खारिज करते हुए कहा है कि इस पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है, जबकि व्यापारिक समुदाय भी दुकानें जल्दी बंद करने का विरोध कर रहा है.
बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता को राहत देने के लिए सरकार ने 'पीएम फ्यूल रिलीफ स्कीम' लागू की है. इस योजना के तहत बाइक सवारों को प्रति सप्ताह 5 लीटर और कार मालिकों को हर 10 दिन में 10 लीटर सब्सिडी वाला पेट्रोल दिया जाएगा.
राष्ट्रीय संचालन समिति ने पेट्रोल पंपों को 24 घंटे के भीतर सब्सिडी भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
दूसरी ओर, ऊर्जा मंत्री ओवैस लेघारी ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के दबाव के बावजूद पाकिस्तान ने घरेलू संसाधनों से 72 प्रतिशत बिजली उत्पादन बनाए रखा है, जिसमें पनबिजली (38%), स्थानीय कोयला (11%) और परमाणु ऊर्जा (10%) का मुख्य योगदान रहा है.
वैश्विक अनिश्चितता के कारण पाकिस्तान ने जुलाई से दैनिक पेट्रोलियम मूल्य निर्धारण प्रणाली भी लागू कर रखी है. इस बीच, विपक्षी दल जमात-ए-इस्लामी ने ईंधन दरों में कटौती न होने पर अगले सप्ताह से देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है.