कांग्रेस ने शुरू की इंद्रावती नदी बचाओ पदयात्रा
छत्तीसगढ़ के बस्तर में कांग्रेस द्वारा इंद्रावती नदी बचाओ पदयात्रा का आगाज
जगदलपुर | संवाददाता : छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इंद्रावती नदी में गहराते जल संकट की समस्या को लेकर सोमवार से पदयात्रा का आगाज किया है. इस पदयात्रा की अगुवाई पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज कर रहे हैं. बस्तर के चित्रकोट वॉटरफॉल से शुरू हुई यह पदयात्रा 40 किलोमीटर पैदल चलकर 30 अप्रैल को जगदलपुर पहुंचेगी और यहां कांग्रेसी जिला कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे.
गर्मी के मौसम में इंद्रावती नदी का पानी लगातार सूख रहा है. इसके चलते किसानों को फसल सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा और बस्तर जिले में पेयजल की समस्या भी बढ़ती जा रही है.
इंद्रावती नदी में घटते जलस्तर के स्थाई समाधान की मांग को लेकर कांग्रेस, प्रभावित किसानों के साथ पदयात्रा निकाल रही है.
पदयात्रा के पहले दिन बड़ी संख्या में कांग्रेसी और बस्तर जिले के आसपास के किसान शामिल हुए.
पदयात्रा की शुरुआत चित्रकोट में स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर और सभा के पश्चात की गयी.
कांग्रेस कर रही स्थाई समाधान की मांग
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और बस्तर के पूर्व सांसद दीपक बैज का कहना है कि बस्तर की जीवनदायनी इंद्रावती नदी की हालत दीन-ब-दिन और बदतर होते जा रही है.
नदी में लगातार जल संकट की समस्या बनी हुई है. जिस वजह से किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है.
कांग्रेस के कार्यकाल में इस पानी की समस्या को दूर करने के लिए मटनार और देउरगांव में बैराज बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया था, लेकिन प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही यहां बैराज बनाने के प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया.
जिसके चलते इंद्रावती में बने स्टॉप डैम में पानी ही नहीं बचा है. यही नहीं बस्तर इस समय भारी पेयजल की समस्या से भी जूझ रहा है.
लगातार भूजल स्तर गिर जाने से जगदलपुर के वार्डों में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है.
वहीं राज्य सरकार इंद्रावती नदी जोरा नाला के विवाद को समाप्त कर समाधान निकालने की झूठी बात कह रही है.
वर्तमान में बस्तर को ओडिशा से 40% पानी नहीं मिल रहा है. बैज ने कहा कि उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और केंद्र में भी ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद भी बस्तर वासियों की इस समस्या को अनदेखा किया जा रहा है.
तीन दिन तक चलेगी यात्रा
इंद्रावती नदी के स्थायी समाधान की मांग को लेकर कांग्रेस ने 3 दिवसीय पदयात्रा की शुरुआत की है.
यह पदयात्रा सोमवार चित्रकोट वाटरफॉल से शुरू होकर बुधवार को जगदलपुर पहुंचेगी. जहां कलेक्ट्रेट का घेराव कर मुख्यमंत्री के नाम बस्तर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा.
कांग्रेस का कहना है कि इस इंद्रावती नदी बचाओ पदयात्रा को सभी प्रभावित किसानों के साथ ही बस्तर के व्यापारिक प्रकोष्ठ के सदस्य और पेयजल की समस्या से जूझ रहे बस्तर जिले के ग्रामीणों का समर्थन मिल रहा है.