कांग्रेस MLA व्यास कश्यप समेत 12 गिरफ्तार, मुचलके पर रिहा
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में चक्का जाम मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप सहित कुल 12 आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किया. हालांकि, यह मामला जमानती होने के कारण सभी आरोपियों को मुचलके पर रिहा कर दिया गया.
घटना की शुरुआत 30 जून 2025 को हुई थी, जब जर्वे-पीथमपुर मार्ग की खस्ताहाल सड़क को ठीक करने की मांग लेकर स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने खोखसा ओवरब्रिज पर लगभग छह घंटे तक जांजगीर-चांपा मुख्य मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया था.
इस दौरान एक निजी एम्बुलेंस को भी रोके जाने का आरोप लगा, जिसमें मरीज को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई. एम्बुलेंस चालक की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2) और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया था. इसमें विधायक व्यास कश्यप समेत 12 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया.
पुलिस जांच के बाद कोतवाली के हवलदार राकेश तिवारी ने विधायक व्यास कश्यप और अन्य आरोपियों को उनके कार्यालय में ही गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के तुरंत बाद सभी को जमानत पर मुक्त कर दिया गया. गिरफ्तार हुए लोगों में संदीप तिवारी, उत्तरा कश्यप, गोपाल कश्यप, उमा राठौर सहित अन्य शामिल हैं.
विधायक व्यास कश्यप ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गिरफ्तारी से वे बिल्कुल नहीं डरते. जनता के अधिकारों और उनकी आवाज उठाने के लिए जितनी भी गिरफ्तारियां हों, वे इसके लिए तैयार हैं.
उन्होंने बताया कि यह मामला केवल जांजगीर-पीथमपुर सड़क का नहीं है, बल्कि नैला ओवरब्रिज और रेलवे स्टॉपेज जैसे कई अन्य मुद्दे भी लंबित पड़े हैं.
मई महीने में धरने के दौरान प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया था कि समयबद्ध तरीके से काम होगा, लेकिन अब तक कोई प्रगति नहीं हुई.
उन्होंने छत्तीसगढ़ में, खासकर जांजगीर-चांपा जिले में प्रशासन की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह जनता का दर्द है और वे जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे.