रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

महंगाई और LPG के बढ़ते दामों के खिलाफ सरगुजा में कांग्रेस का हल्लाबोल

C

CG Khabar

05 मई 2026, 03:47 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

कांग्रेस-सरगुजा
कांग्रेस-सरगुजा

अंबिकापुर । संवाददाता: पेट्रोलियम पदार्थों की आसमान छूती कीमतों और बेलगाम होती महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने कड़ा रुख अख्तियार किया है. जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर धरना प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लिया. 


प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने बढ़ते दामों को आम आदमी की कमर तोड़ने वाला बताया और तत्काल कीमतें कम करने की मांग की.

विज्ञापन


धरना सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र की विदेश नीति और आर्थिक प्रबंधन पर तीखे सवाल खड़े किए. जिलाध्यक्ष पाठक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के लिए केवल युद्ध को जिम्मेदार ठहराना गलत है, बल्कि यह सरकार की अदूरदर्शिता का परिणाम है. 


उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की 'सरेंडर नीति' के कारण भारत ने अपने उन विश्वसनीय साझेदारों को खो दिया जो हमें किफायती दरों पर ईंधन उपलब्ध कराते थे. प्रदर्शन में इस बात पर चिंता जताई गई कि घरेलू सिलेंडर में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल आने से छोटे व्यापारियों के धंधे चौपट हो रहे हैं.


कांग्रेस नेताओं ने अर्थव्यवस्था की गिरती स्थिति और रुपये के अवमूल्यन पर भी सरकार को घेरा. स्थानीय नेताओं ने कहा कि खाद और कृषि उपकरणों की बढ़ती इनपुट कॉस्ट के कारण आने वाले समय में खाद्यान्न संकट गहरा सकता है. 


सभा के बाद कांग्रेसियों ने नायब तहसीलदार के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया. इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, शफी अहमद और द्वितेंद्र मिश्रा सहित जिले के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP