सरगुजा में शीतलहर, पारा 7 डिग्री लुढ़का
छत्तीसगढ़ सरगुजा में शीतलहर, पारा 7 डिग्री लुढ़का
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में पिछले चार दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. उत्तर भारत में हुई बर्फबारी के बाद ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.
सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में तो शीतलहर जैसी स्थिति है. पिछले दो दिन में यहां रात का तापमान करीब सात डिग्री तक लुढ़क गया है. जो नॉर्मल से 7 डिग्री कम है. शुक्रवार को यहां न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री कम है.
दूसरी ओर दिन में आसमान साफ होने से तेज धूप खिल रही है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी भारत में हुई बर्फबारी से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.
इसकी वजह से ठंडी हवाओं ने पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया है. रात और सुबह इसका असर ज्यादा रह रहा है. हालांकि अगले चार दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री बढ़ोतरी होने का अनुमान है.
हवा की दिशा भी अब पूर्वोत्तर हो रही है. इससे तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी.
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
मैदानी इलाकों में दुर्ग संभाग सबसे ठंडा बना हुआ है. शुक्रवार को यहां न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.8 डिग्री कम था.
वहीं दुर्ग से लगे राजनांदगांव सबसे गर्म रहा. यहां 36.7 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है.
राजधानी रायपुर में भी तापमान में गिरावट देखी गई. शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री रहा.
वहीं न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम था.
रायपुर के आउटर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री रहा, जो औसत से 0.6 डिग्री कम था.
इसी प्रकार जगदलपुर में भी रात का तापमान सामान्य से कम रहा.
यहां शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम था. वहीं अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री दर्ज किया गया.
बिलासपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम था.
अंबिकापुर में कडाके की ठंड
मौसम बदले का सबसे ज्यादा असर सरगुजा संभाग में पड़ा है. यहां एक बार फिर शीतलहर जैसी स्थिति देखने को मिल रही है. पिछले दो दिनों में अंबिकापुर में रात का तापमान 7 डिग्री से नीचे चला गया है.
शुक्रवार को रात का पारा 7.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री दर्ज किया गया है. सरगुजा संभाग में तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री नीचे जाने से शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं.
रात और सुबह इसका असर ज्यादा दिख रहा है. इससे चार दिन पहले अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से ऊपर तो अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच गया था.