खड़गे के बयान पर CM विष्णु देव साय- 'राजनीतिक हताशा में कांग्रेस ने लांघी मर्यादा'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर बवाल! छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साध निशाना, बोले— देश की जनता इस घटिया राजनीति का करारा जवाब देगी.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पटना के एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर दिए गए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान की कड़ी निंदा की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक हताशा के कारण कांग्रेस भाषाई मर्यादा और भारतीय मूल्यों की सीमाओं को लगातार लांघ रही है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि राजनीतिक विरोध के नाम पर प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को निशाना बनाना कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच और वैचारिक कंगालियत को उजागर करता है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति राजनीतिक द्वेष के कारण कांग्रेस जिस निचले स्तर पर उतर आई है, उसे पूरा देश देख रहा है.
मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि देश की जनता कांग्रेस की इस निम्नस्तरीय राजनीति को भली-भांति पहचान चुकी है. इतिहास गवाह है कि जब भी कांग्रेस ने इस तरह की अमर्यादित भाषा का सहारा लिया है, तब-तब मतदाताओं ने उसे करारा सबक सिखाया है. जनता इस तरह की राजनीति को न तो कभी भूलेगी और न ही स्वीकार करेगी, बल्कि सही समय पर अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के माध्यम से इसका मुंहतोड़ जवाब देगी.
राजनीतिक विरोध के आवरण में इस तरह की अपमानजनक टिप्पणियों को कांग्रेस की विकृत सोच का प्रत्यक्ष प्रमाण बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मांग की है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपने इस आचरण के लिए देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए.