छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: मैनपाट टाइटन्स की धमाकेदार जीत से राजधानी रॉयल्स बाहर
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रविवार को खेले गए मुकाबलों में मैनपाट टाइटन्स और न्यायधानी नाइट्स ने दमदार जीत दर्ज की. मोहित नायक और चिराग बने मैच के स्टार.
रायपुर । संवाददाता: रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रविवार का दिन बेहद रोमांचक मुकाबलों के नाम रहा. प्रदीप मोर की कप्तानी में मैदान में उतरी मैनपाट टाइटन्स ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 5-2 के बड़े अंतर से मात दी. इस हार के साथ ही राजधानी रॉयल्स की टीम का सफर टूर्नामेंट में समाप्त हो गया है. पूरे मैच के दौरान रॉयल्स की टीम हर क्षेत्र में जूझती नजर आई.
मैच की शुरुआत धीमी रही, लेकिन मैनपाट के मनीष वट्टी ने पहला गोल दागकर अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई.
इसके तुरंत बाद राजधानी रॉयल्स के अनिकेत ने रौशन के पास पर गोल कर मुकाबला 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया.
हाफ-टाइम से ठीक पहले संदीप ठाकुर ने एक और गोल कर मैनपाट को 2-1 से आगे कर दिया.
दूसरे हाफ में भी मैनपाट का दबदबा कायम रहा. मोहित नायक के शानदार रिवर्स फ्लिक और प्रिंस के गोल की बदौलत टीम ने 4-2 की बढ़त बना ली, जिसके बाद रॉयल्स वापसी नहीं कर सकी.
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए मोहित नायक को 'स्ट्राइकर एवं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया.
दिन के एक अन्य मैच में न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडिला बुल्स को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली. न्यायधानी की ओर से ड्रैग-फ्लिकर चिराग ने शानदार हैट्रिक जमाई और उन्हें 'स्ट्राइकर एवं प्लेयर ऑफ द मैच' के खिताब से नवाजा गया.
बैलाडिला बुल्स की तरफ से एकमात्र गोल जसकरण सिंह ने किया. इन रोमांचक मुकाबलों का लुत्फ उठाने के लिए केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई दिग्गज हस्तियां स्टेडियम में मौजूद रहीं.