सीएम साय विदेश दौरे पर रवाना
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार सुबह अपने पहले विदेश दौरे के लिए दिल्ली रवाना हुए. दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात के बाद जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर रवाना होंगे. सीएम साय 31 अगस्त को वापस लौटेंगे.
दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति को लेकर जापान और दक्षिण कोरिया जा रहे हैं. विदेश के उद्योगपतियों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे.
उन्होंने कहा कि जापान के ओसाका में वर्ल्ड एक्सपो का आयोजन हो रहा है. जिसमें शामिल होकर वहां के निवेशकों व उद्यमियों से छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति पर चर्चा करेंगे. यह प्रवास निश्चित ही प्रदेश में निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में नए अवसरों के द्वार खेलेगी.
सीएम ने कहा कि जापान और दक्षिण कोरिया में इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग और ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में अच्छा काम हो रहा है. इन क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ में भी अपार संभावनाएं हैं. सरकार चाहती है कि विदेशी निवेशक यहां आएं.
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नई उद्योगनीति लागू होने के बाद हजारों करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिल रहे हैं. उसमें से बहुत सा काम हो चुका है. आगे और इसमें उन्नति होगी.
मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी कौशल्या देवी साय और प्रशासनिक अधिकारी भी विदेश दौरे पर जा रहे हैं.
सीएम के साथ मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल भी उनके साथ दिल्ली रवाना हुए.