CJP का 10 अक्टूबर का प्रदर्शन: पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से CRPF की 70 कंपनियां रवाना
नई दिल्ली । डेस्क: कॉकरोच जनता पार्टी के आगामी 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम शुरू कर दिए हैं. गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की करीब 70 कंपनियों को तुरंत प्रभाव से दिल्ली स्थानांतरित किया जा रहा है.
इन कंपनियों में लगभग 7,000 जवान शामिल हैं, जिन्हें राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया जाएगा. इस संबंध में सीआरपीएफ द्वारा 5 और 6 अक्टूबर को आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
दंगा-रोधी उपकरणों और हथियारों से लैस होंगे जवान
सीआरपीएफ की आंतरिक बैठकों में छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल की इकाइयों को अपनी पूर्ण परिचालन क्षमता बनाए रखने और नवीनतम हथियारों, गोला-बारूद तथा एंटी-रायट (दंगा-रोधी) उपकरणों के साथ तैयार रहने के लिए कहा गया है. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ड्यूटी पर जाने से पहले सभी जवानों को सुरक्षा सावधानियों, अनुशासन और कार्य की प्रकृति के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाए. सभी टुकड़ियां पूर्ण रूप से सुसज्जित होकर दिल्ली के लिए रवाना हो रही हैं.
गृह मंत्री ने रद्द किए कई राज्यों के दौरे
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान हुई कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज हो गई है. सीजेपी के 3 अक्टूबर के प्रदर्शन के आह्वान के बाद से ही दिल्ली में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है. स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तेलंगाना, मेघालय, मिजोरम और मणिपुर के अपने निर्धारित दौरे रद्द कर दिए हैं और वे लगातार दिल्ली में ही स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
जंतर-मंतर क्षेत्र में सख्त पाबंदियां लागू
नई दिल्ली जिले के जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में 2 अक्टूबर से ही कड़े सुरक्षा घेरे की व्यवस्था की गई है. दिल्ली पुलिस ने क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है, जिससे किसी भी प्रकार के जुलूस, रैली या धरने पर पूर्ण प्रतिबंध लग गया है. दिल्ली पुलिस और अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के अलावा त्वरित कार्य बल (RAF) को भी रणनीतिक स्थलों पर तैनात किया जा रहा है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.