चांद पर पानी और ऑक्सीजन बनाएगा चीन: 2030 का लक्ष्य और 2050 तक स्पेस माइनिंग का प्लान
चांद पर संसाधनों की खोज और खनन को लेकर अमेरिका व चीन की प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है. चीनी चंद्र मिशन के मुख्य डिजाइनर वू वेइरेन ने 2030 तक चांद पर पानी या ऑक्सीजन बनाने की तकनीक साबित करने और 2050 तक पूर्ण पैमाने पर अंतरिक्ष खनन शुरू करने का रोडमैप पेश किया है.
नई दिल्ली । डेस्क: चांद पर बस्ती बसाने को लेकर अमेरिका और चीन के बीच बढ़ती होड़ के बीच चीनी चंद्र कार्यक्रम के मुख्य डिजाइनर ने एक महत्वपूर्ण लक्ष्य तय किया है. भौतिक विज्ञानी वू वेइरेन और उनकी टीम ने 'जर्नल ऑफ डीप स्पेस एक्सप्लोरेशन' में प्रकाशित होने वाले एक शोध पत्र में कहा है कि चीन को वर्ष 2030 तक चांद पर पानी या ऑक्सीजन बनाने का परीक्षण जरूर कर लेना चाहिए. उनके अनुसार, अगले रोबोटिक चांग'ई मिशन या प्रस्तावित मानवयुक्त लैंडिंग के दौरान बर्फ निकालने या चंद्रमा की धूल भरी सतह से ऑक्सीजन खींचने जैसी कम से कम एक प्रमुख तकनीक को साबित करना बेहद जरूरी है.
शोधकर्ताओं के इस रोडमैप में 2040 तक चांद पर पानी, ऑक्सीजन और निर्माण सामग्री का उत्पादन करने वाला एक छोटा प्रदर्शन संयंत्र लगाने और 2050 तक पूर्ण पैमाने पर खनन शुरू करने की बात कही गई है. टीम का अनुमान है कि एक पीढ़ी के भीतर अंतरिक्ष खनन एक वास्तविक उद्योग बन सकता है.
उनके मुताबिक, अगले 20 साल अलौकिक संसाधनों को वैज्ञानिक खोज से निकालकर औद्योगिक उपयोग तक ले जाने के लिए बेहद निर्णायक होंगे. हालांकि, लेखकों ने यह भी स्वीकार किया कि दीर्घकालिक योजना के मामले में चीन अभी पीछे है और उसने इस दिशा में कोई समर्पित विकास रणनीति या मध्यम से दीर्घकालिक योजना जारी नहीं की है.
इसके विपरीत, अमेरिका दो दशकों से भी अधिक समय से चंद्र संसाधनों को अपनी अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं के केंद्र में रखे हुए है. 2004 में पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने नासा को इनके उपयोग का अध्ययन करने को कहा था, और 2015 के एक कानून ने अमेरिकियों को अंतरिक्ष में खोदे गए संसाधनों के स्वामित्व और बिक्री का अधिकार दिया.
2020 में ट्रंप प्रशासन ने एक कार्यकारी आदेश के जरिए स्पष्ट किया कि अमेरिका बाहरी अंतरिक्ष को वैश्विक साझा संपत्ति नहीं मानता और नासा के आर्टेमिस कार्यक्रम ने स्थायी चंद्र बेस व मंगल मिशन के लिए इन संसाधनों को आधार बनाया.
यह प्रतिस्पर्धा केवल चंद्रमा की मिट्टी तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष के सामरिक स्थानों पर भी केंद्रित है. शोधकर्ताओं ने लैग्रेंज बिंदुओं को राष्ट्रीय अंतरिक्ष हितों की रक्षा के लिए अहम बताया है, जहां पृथ्वी और चंद्रमा या सूर्य और पृथ्वी का गुरुत्वाकर्षण संतुलित रहता है, जिससे यान कम ईंधन में वहां टिके रह सकते हैं. इसके अलावा, दूरस्थ प्रतिगामी कक्षाओं (डिस्टेंट रेट्रोग्रेड ऑर्बिट्स) को भी महत्वपूर्ण माना गया है, जहां यान बेहद कम ईंधन पर वर्षों तक रह सकते हैं.
2018 में चीन के क्यूकियाओ रिले उपग्रह ने लैग्रेंज बिंदु का उपयोग किया था, जबकि 2022 में नासा ने आर्टेमिस-1 परीक्षण उड़ान के दौरान ओरियन कैप्सूल को दूरस्थ प्रतिगामी कक्षा में भेजा था. गति बढ़ाने के लिए वू की टीम ने निजी कंपनियों को गहरे अंतरिक्ष अभियानों से जोड़ने और एक राष्ट्रीय कोष बनाने की वकालत की है, जैसा कि अमेरिका में फायरफ्लाई एयरोस्पेस जैसी निजी कंपनियां नासा के अभियानों का हिस्सा बन चुकी हैं.