चीन: बच्चे पैदा करना होगा 'मुफ्त', सरकार उठाएगी पूरा खर्च
बीजिंग । डेस्क: चीन ने एक बहुत बड़ा फैसला लेते हुए यह घोषणा की है कि 2026 तक देश में बच्चे को जन्म देने का खर्च लगभग 'जीरो' हो जाएगा. यानी, राष्ट्रीय बीमा योजनाओं के तहत माता-पिता को बच्चे के जन्म पर अपनी जेब से लगभग कुछ भी नहीं देना पड़ेगा.
यह कदम चीन की घटती जन्म दर (कम हो रही आबादी) की चिंता को देखते हुए उठाया गया है, ताकि लोगों पर बच्चे पालने का वित्तीय बोझ कम हो सके.
राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा सम्मेलन में यह योजना सामने आई है. अधिकारियों ने बताया कि वह जल्द ही गर्भावस्था के दौरान होने वाली सभी जरूरी जांचों के खर्च को भी बीमा कवर के दायरे में बढ़ाएंगे.
सरकार का लक्ष्य है कि अगले साल यानी 2026 से, पूरे देश में बच्चे के जन्म का मूल खर्च बीमा कार्यक्रम पूरी तरह से उठाएगा. यदि आप सामान्य डिलीवरी करवाते हैं या मानक सेवाएँ लेते हैं, तो आपको कोई पैसा नहीं देना होगा.
चीन के जिलिन, जिआंगसु और शेडोंग जैसे सात प्रांतों में पहले से ही अस्पताल में बच्चे को जन्म देने का पूरा खर्च सरकार की पॉलिसी के तहत कवर होता है.
लेकिन यहाँ एक बात का ध्यान रखना जरूरी है, अधिकारियों ने साफ किया है कि यह मुफ्त सुविधा केवल सामान्य और मानक चिकित्सा सेवाओं के लिए होगी. अगर माता-पिता महंगी सेवाएँ, प्रीमियम अस्पताल, या बीमा सूची से बाहर की दवाएँ/सामग्री चुनते हैं, तो उन्हें उन अतिरिक्त खर्चों का भुगतान खुद करना होगा.
मातृत्व को बढ़ावा देने के लिए, नेशनल हेल्थकेयर सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (NHSA) ने यह भी तय किया है कि अब दिहाड़ी मजदूर, प्रवासी मजदूर और नए तरह के रोज़गार में लगे लोगों को भी मातृत्व बीमा का फायदा मिलेगा. अभी चीन में लगभग 25 करोड़ 50 लाख (255 मिलियन) लोगों के पास यह मातृत्व बीमा है.