तेहरान खाली करो-अमरीका, इसराइल से निकलो-चीन
नई दिल्ली | डेस्क: एक तरफ़ अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लोगों से ईरान की राजधानी तेहरान को खाली करने की बात कही है, वहीं दूसरी ओर चीन ने अपनी नागरिकों से इसराइल को तुरंत छोड़ने के लिए कहा है. इस बीच भारत ने अपने नागरिकों को तेहरान छोड़ सुरक्षित जगहों में जाने की सलाह दी है.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर लिखा, "ईरान को उस 'सौदे' पर हस्ताक्षर कर देना चाहिए था, जिस पर मैंने उन्हें हस्ताक्षर करने के लिए कहा था. यह कितनी शर्म की बात है, और मानव जीवन की बर्बादी है."
ट्रंप ने लिखा- "सीधे शब्दों में कहें तो, ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता. मैंने ये बार-बार कहा है! सभी को तुरंत तेहरान खाली कर देना चाहिए!"
जी-7 शिखर सम्मेलन से लौटते हुए एयर फ़ोर्स वन विमान में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि वह सीज़फ़ायर की उम्मीद नहीं कर रहे हैं, लेकिन 'हम सीज़फ़ायर से बेहतर की उम्मीद कर रहे हैं.'
पत्रकारों ने जब उनसे 'सीज़फ़ायर से बेहतर' की बात पूछी तब उन्होंने कहा कि 'एक सचमुच का अंत, सीज़फ़ायर नहीं.'
इधर चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए लैंड बॉर्डर क्रॉसिंग के ज़रिए इसराइल छोड़ दें क्योंकि इसराइली हवाई क्षेत्र बंद हैं.
दूसरी ओर ईरान स्थित भारत के दूतावास ने तेहरान में रह रहे भारतीयों को शहर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी है.
भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है, "सभी भारतीय नागरिक, जो अपने संसाधनों का इस्तेमाल कर तेहरान से बाहर जा सकते हैं, उन्हें शहर के बाहर सुरक्षित स्थान पर चले जाने की सलाह दी जाती है."
विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा, "तेहरान में मौजूद भारतीय स्टूडेंट्स को सुरक्षा कारणों से शहर से बाहर भेज दिया गया है, जिसकी व्यवस्था भारतीय दूतावास की तरफ़ से की गई."
मंत्रालय ने कहा, "अन्य भारतीय निवासी, जो अपनी यात्रा की व्यवस्था ख़ुद कर सकते हैं, उन्हें भी मौजूदा हालात को देखते हुए शहर छोड़ने की सलाह दी गई है."
"इसके अलावा कुछ भारतीयों को ईरान से आर्मीनिया की सीमा के रास्ते बाहर निकलने में भी सहायता दी गई है."