छत्तीसगढ़: यूट्यूबर को बम से उड़ाने की धमकी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है. फरार हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर और रोहित सिंह तोमर के गुर्गों ने अब एक महिला यूट्यूबर को बम से उड़ाने की धमकी दी है.
डीडी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला यूट्यूबर को हाल ही में अज्ञात लोगों ने धमकी दी कि उसे बम से उड़ा दिया जायेगा. पीड़िता ने तुरंत इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. इस घटना ने एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
वीरेंद्र और रोहित तोमर, जिन्हें तोमर ब्रदर्स के नाम से जाना जाता है, सूदखोरी, ब्लैकमेलिंग, वसूली और हत्या की कोशिश जैसे संगीन अपराधों में लिप्त रहे हैं. दोनों भाई लंबे समय से फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है. शहर में उनके गुर्गों की गुंडागर्दी ने आम लोगों का जीना मुहाल कर रखा है.
पीड़ितों का कहना है कि तोमर ब्रदर्स कई मामलों में जमानत पर छूटने के बाद भी ये अपराधी गवाहों को धमकाने से नहीं चूकते. दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज होने के बावजूद इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई न होना भी कई सवाल खड़े करता है.
महिला यूट्यूबर को मिली धमकी के बाद पुलिस ने भले ही जांच शुरू कर दी हो, लेकिन स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि तोमर ब्रदर्स जैसे अपराधियों पर अब तक नकेल क्यों नहीं कसी गई.
शहरवासियों का कहना है कि जब तक इन अपराधियों और उनके गुर्गों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक रायपुर में भय का माहौल बना रहेगा.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके.