पुत्र मोह में डूबी कांग्रेस- डिप्टी सीएम शर्मा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सोमवार को कवर्धा के जिला भाजपा कार्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला.
विजय शर्मा ने कहा कि भूपेश बघेल ने अपने बेटे चैतन्य बघेल के लिये पूरी कांग्रेस को पुत्र मोह में झोंक दिया है. उन्होंने सवाल उठाया कि चैतन्य बघेल कांग्रेस में किस पद पर हैं, फिर भी उनके लिये पूरे प्रदेश में पार्टी प्रदर्शन कर रही है.
शर्मा ने कहा, "इतिहास में कई उदाहरण हैं जहां पुत्र मोह ने लोगों और उनके साम्राज्य को बर्बाद किया. भूपेश बघेल भी उसी रास्ते पर चल रहे हैं." उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिये प्रदेश की जनता को परेशान कर रही है, जिससे जनता को आर्थिक नुकसान हो रहा है.
उपमुख्यमंत्री ने कोल ब्लॉक आवंटन को लेकर कांग्रेस और भूपेश बघेल के दावों को झूठा करार दिया.
उन्होंने दस्तावेजों और प्रेजेंटेशन के जरिये तथ्य प्रस्तुत करते हुए कहा कि कांग्रेस का झूठ अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है.
शर्मा ने कहा, "कांग्रेस बार-बार चोरी और सीनाजोरी का खेल खेल रही है. भूपेश बघेल ने अपने शासनकाल में शराब, कोयला, चावल, गोठान और पीएससी घोटालों के जरिये छत्तीसगढ़ के संसाधनों की जमकर लूट की. अब इन घोटालों के आरोपी एक-एक कर कानून की गिरफ्त में आ रहे हैं."
उन्होंने आगे कहा कि अपराधियों के खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई को गलत दिशा में मोड़ने की कोशिश कांग्रेस की कुटिलता को दर्शाती है. यह प्रदेश की जनता के साथ धोखा है.