रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

अवैध घुसपैठ पर कड़ा रुख- रमन सिंह

C

CG Khabar

14 जून 2025, 05:38 PM 3 मिनट में पढ़ें 6

Raman-Singh
Raman-Singh

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के खिलाफ चलाये जा रहे सघन अभियान को विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने सराहनीय कदम बताया है. उन्होंने इस अभियान को कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम करार दिया.


रमन सिंह ने कहा, "राज्य के सभी जिलों में पुलिस और प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है. रायपुर, भिलाई, दुर्ग और अन्य क्षेत्रों में संदिग्ध घुसपैठियों की पहचान की जा रही है. उनकी नागरिकता और दस्तावेजों की गहन जांच के बाद उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी."

विज्ञापन


प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा सुकमा में कांग्रेस भवन और पूर्व मंत्री कवासी लखमा और उनके बेटे की संपत्ति जब्त किये जाने पर भी रमन सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी.


उन्होंने कहा, "ईडी की कार्रवाई पूरी तरह सबूतों पर आधारित है. जहां कहीं भी ठोस साक्ष्य मिलेंगे, वहां कानून अपना काम करेगा."


इस कार्रवाई ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है, जिसके बाद विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है. ईडी की इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया है, जबकि सत्तारूढ़ दल इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा कदम बता रहा है.


इस साल मई में दुर्ग जिले की सुपेला कांट्रेक्टर कॉलोनी से पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला शाहिदा खातून और उसके पति रासेल शेख को गिरफ्तार किया था. प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने अपना नाम ज्योति बताया था, लेकिन दस्तावेजों की गहन जांच में उसकी असली पहचान सामने आई. जांच में यह भी पता चला कि शाहिदा 2009 में अवैध रूप से भारत-बांग्लादेश सीमा पार कर पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के रास्ते भारत में दाखिल हुई थी. इस मामले ने स्थानीय प्रशासन की सतर्कता को और बढ़ा दिया है.


छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान के लिए प्रशासन ने इस साल जनवरी में रायपुर से एक विशेष अभियान शुरू किया था. इस अभियान के तहत करीब दो हजार लोगों को वेरिफिकेशन के लिए पुलिस लाइन में लाया गया था. इनमें से कई लोगों के दस्तावेज संदिग्ध पाये गये, जिसके बाद उनकी नागरिकता की जांच तेज कर दी गई.


रमन सिंह ने इस अभियान को न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिये भी जरूरी बताया. उन्होंने कहा, "अवैध घुसपैठ देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा है. इसे रोकने के लिये हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं."


रमन सिंह ने बताया कि प्रशासन और पुलिस इस अभियान को और तेज करने की योजना बना रही है.


उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि छत्तीसगढ़ में कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से न रहे. इसके लिये पुलिस को और संसाधन उपलब्ध कराये जायेंगे." साथ ही, उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग की भी सराहना की, जिसके तहत सीमा सुरक्षा और घुसपैठ रोकने के लिए कई कदम उठाये जा रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP