शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पर्ची से इलाज के नाम पर फैलाया जा रहा अंधविश्वास- भूपेश बघेल

C

CG Khabar

31 दिस. 2025, 02:17 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

भूपेश बघेल
भूपेश बघेल

भरतपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भरतपुर जिले में मीडिया से चर्चा करते हुए स्वयंभू धर्मगुरु धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और पंडित प्रदीप मिश्रा पर तीखा हमला बोला है. बघेल ने धीरेंद्र शास्त्री की शक्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि महज एक पर्ची जारी करने से बीमारियां ठीक हो जातीं, तो देश में अस्पतालों की कोई जरूरत ही नहीं रह जाती. 


उन्होंने आरोप लगाया कि शास्त्री न तो श्रीमद्भागवत गीता का पाठ करते हैं और न ही भक्ति का मार्ग बताते हैं, बल्कि वे अजीबोगरीब अनुष्ठानों के माध्यम से समाज में केवल अंधविश्वास फैला रहे हैं. 

विज्ञापन


पूर्व मुख्यमंत्री ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि शास्त्री में साहस है तो वे लोगों से दान लेना बंद करें, क्योंकि ऐसे लोग छत्तीसगढ़ केवल धन कमाने के उद्देश्य से आ रहे हैं.


इसी दौरान बघेल ने पंडित प्रदीप मिश्रा की भी कड़ी आलोचना की और अमित शाह को 'शिव का अवतार' बताने वाले उनके कथित बयान को आस्था के बजाय सीधा राजनीतिक दुष्प्रचार करार दिया. 


उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए कहा कि ये संगठन देश में नफरत का माहौल पैदा कर रहे हैं, जिससे मॉब लिंचिंग और हिंसा जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं. 


उन्होंने हाल ही में एक छत्तीसगढ़ी व्यक्ति की बांग्लादेशी होने के संदेह में हुई हत्या का जिक्र करते हुए इसे RSS की नफरत भरी राजनीति का परिणाम बताया. 


बघेल ने राज्य सरकार से मांग की है कि वह शांति बिगाड़ने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई करे और समाज में भाईचारा बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP