शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: बिजली गिरने से छात्रा समेत 7 मवेशियों की मौत

C

CG Khabar

28 मार्च 2026, 01:10 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

शव
शव

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में सक्रिय मौसम प्रणाली के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. इस बीच, सरगुजा और कोरिया जिलों से आसमानी बिजली की चपेट में आने से जान-माल के नुकसान की दुखद खबरें सामने आई हैं.


सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बकना कला में शुक्रवार शाम बिजली गिरने से 13 वर्षीय स्कूली छात्रा सनमतिया की दर्दनाक मौत हो गई. 


मृतका मवेशी चराने खेत गई थी और अचानक हुई तेज बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गई, तभी वह बिजली की चपेट में आ गई. 


पुलिस का कहना है कि यदि छात्रा पेड़ के नीचे शरण न लेती, तो शायद उसकी जान बच सकती थी. प्रशासन ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है.


वहीं, एक अन्य घटना में कोरिया जिले में आसमानी बिजली गिरने से सात पालतू जानवरों की मौत हो गई. शनिवार सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की. 


राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार दोपहर के बाद अचानक काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ ओले गिरे, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन ग्रामीण इलाकों में यह बदलाव जानलेवा साबित हुआ.


मौसम विभाग के अनुसार, 29 मार्च को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. 30 मार्च को ओलावृष्टि के आसार भी जताए गए हैं. 


विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा संभाग में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. प्रशासन ने ग्रामीणों, किसानों और छात्रों को सख्त हिदायत दी है कि वे गरज-चमक के दौरान खुले खेतों, पेड़ों के नीचे या बिजली के उपकरणों के पास न रहें और सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP