छत्तीसगढ़ में विश्व रिकॉर्ड: एक साथ परिणय सूत्र में बंधे 6,414 जोड़े
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार को एक ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान 6,414 जोड़ों ने एक साथ वैवाहिक सूत्र में बंधकर 'गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में अपना नाम दर्ज कराया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित इस विशाल आयोजन में रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान सहित राज्य के विभिन्न जिलों से जोड़े वर्चुअल और व्यक्तिगत रूप से शामिल हुए.
इस भव्य आयोजन की खास बात इसकी विविधता रही, जहाँ हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध और विशेष पिछड़ी जनजाति 'बैगा' समुदाय के जोड़ों ने अपने-अपने रीति-रिवाजों से विवाह किया.
मुख्यमंत्री ने स्वयं रायपुर में 1,316 जोड़ों को आशीर्वाद दिया और बताया कि इस समूह में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली भी शामिल थे, जो अब समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं.
राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 35,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिसे मुख्यमंत्री ने गरीब परिवारों के लिए एक बड़ा संबल बताया.