छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों में 6 की मौत
छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों में 6 मृत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के तीन अलग-अलग जिलों में हुए दर्दनाक सड़क हादसों में 6 लोगों की जान चली गई है.
जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. कवर्धा, महासमुंद और सरगुजा में हुई इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.
कवर्धा: तेज रफ्तार कार ने ली दो की जान
कवर्धा जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के रेहुटा गांव में गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार ने तीन राहगीरों को कुचल दिया. इस हादसे में कविता हिरवानी और धानबाई साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धानबाई के पति दुजराम साहू गंभीर रूप से घायल हैं. उनका इलाज पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
हादसे के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ की और कवर्धा-बिलासपुर मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया. इससे सड़क पर लंबा जाम लग गया. पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.
डीएसपी भूपत सिंह ने बताया कि यूपी नंबर की कार के चालक की तलाश शुरू कर दी गई है. ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
महासमुंद: ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला
महासमुंद जिले के नेशनल हाईवे 53 पर शेरे पंजाब ढाबा के पास गुरुवार रात एक ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी. हादसे में आरंग निवासी जुगल निषाद (20) और अनुराग पटेल (19) की मौके पर ही मौत हो गई.
ट्रक चालक घटना के बाद फरार हो गया.
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए तुमगांव उप स्वास्थ्य केंद्र भेजा और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.
सरगुजा: ट्रैक्टर से टकराई बाइक, नाबालिग समेत दो की मौत
सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में सपनादर-अवराडांड मार्ग पर बुधवार देर रात एक बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई.
इस हादसे में 13 वर्षीय फिकर साय और सनी देवल की इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे में घायल एक अन्य युवक का मैनपाट अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि चौथा सवार मौके से फरार हो गया.
पुलिस के अनुसार, बाइक की कमजोर हेडलाइट हादसे का कारण हो सकती है. मामले की जांच जारी है.