OMG....राजनांदगांव के गांव में शराब दुकान खोलने की मांग !
राजनांदगांव । डेस्क: आमतौर पर जहां नई शराब दुकानों के विरोध में ग्रामीण सड़कों पर उतरते हैं, वहीं राजनांदगांव जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के ग्राम रंगीटोला के निवासियों ने न सिर्फ शराब दुकान खोलने का समर्थन किया है, बल्कि इसके लिए बकायदा कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों को गुहार लगाई है.
बुधवार को ग्राम पंचायत चिचोला के आश्रित ग्राम रंगीटोला के ग्रामीण बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचे.
ग्रामीणों ने कलेक्टर जितेंद्र यादव और जिला आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी से मुलाकात कर एक लिखित अनापत्ति पत्र सौंपा.
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें गांव में प्रस्तावित मदिरा दुकान की निविदा प्रक्रिया पर कोई आपत्ति नहीं है.
ग्राम पटेल पूनाराम पटेल के नेतृत्व में आए इस समूह में कई महिला पंच और ग्रामीण शामिल थे, जिन्होंने हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान के साथ अपना समर्थन दर्ज कराया.
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि पिछले कुछ दिनों से ऐसी अफवाहें फैलाई जा रही थीं कि गांव में शराब दुकान का विरोध हो रहा है. इसी भ्रम को तोड़ने के लिए उन्हें खुद कलेक्ट्रेट आना पड़ा.
ग्रामीणों का तर्क काफी दिलचस्प है. उनका मानना है कि गांव में दुकान खुलने से न केवल व्यावसायिक गतिविधियां तेज होंगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
इस अनोखी मांग को सुनने के बाद आबकारी विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि इस प्रस्ताव पर नियमों के दायरे में रहकर उचित कार्रवाई की जाएगी.