रायगढ़ में चाकू की नोंक पर दिन-दहाड़े स्कूली छात्रा का अपहरण
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में कोतवाली थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही एक स्कूली छात्रा का चाकू की नोंक पर अपहरण कर उसके साथ छेड़छाड़ किए जाने की घटना हुई है. जानकारी मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 जनवरी की है. तबीयत खराब होने के बावजूद छात्रा स्कूल गई थी, लेकिन रैली के दौरान अस्वस्थ महसूस करने पर वह स्कूल में ही रुक गई. शिक्षिका से अनुमति लेकर जब वह अकेले घर लौट रही थी, तभी सफेद रंग की ईको कार से आरोपी वहां पहुंचा. आरोपी ने चाकू दिखाकर छात्रा को डराया और जबरन गाड़ी में बिठा लिया.
आरोपी छात्रा को पहाड़ मंदिर की ओर ले गया, जहां उसके साथ छेड़छाड़ की गई. दोपहर करीब एक बजे आरोपी छात्रा को स्कूल के पास छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद छात्रा ने शिक्षकों और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी और महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई.
महिला थाने में दर्ज शिकायत में पीड़िता ने बताया कि आरोपी शाकिब खान (24 वर्ष) उसे पहले से जानता था और पिछले करीब दो वर्षों से जबरन बातचीत करने तथा पीछा करने की कोशिश कर रहा था.
इस बात की जानकारी परिजनों को भी दी गई थी, जिसके चलते पिता उसे स्कूल छोड़ने जाया करते थे. पीड़िता ने यह भी बताया कि वर्ष 2023 में भी आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना और कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर ने पीड़िता से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता का वीडियो बयान दर्ज कराया.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और ईको कार भी जब्त कर ली है.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.