तमनार में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना बीती रात करीब 9:30 बजे गोढ़ी से तमनार की ओर जा रही बाइक के साथ हुई. अनिष उरांव बाइक चला रहे थे और उनके साथ कोमल साव तथा अखिलेश सवार थे.
गैस गोदाम के निकट पहुंचते ही अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाही से तेज गति में वाहन चलाया और उन्हें पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटिल हो गए.
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को तमनार अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए अनिष उरांव और कोमल साव को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया.
रायगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही कोमल साव ने दम तोड़ दिया. इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और शोक की लहर दौड़ गई है.
परिजनों की शिकायत पर तमनार पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है तथा संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.