छत्तीसगढ़: कांग्रेस ट्रेनिंग कैंप में राहुल गांधी ने भाग लिया
रायपुर । संवाददाता: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के अभनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रांतीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया. अपने करीब चार घंटे के संक्षिप्त दौरे के दौरान राहुल गांधी ने पहले वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ 40 मिनट तक बंद कमरे में बैठक की और उसके बाद जिला व शहर अध्यक्षों से सीधे संवाद कर संगठन की नब्ज टटोली.
अभनपुर में चल रहा यह प्रशिक्षण शिविर वैसे तो पूरी तरह गोपनीय (क्लोज-डोर) था, लेकिन राहुल गांधी के आने की खबर मिलते ही पूरे प्रदेश से भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता वहां पहुंच गए.
इस भारी भीड़ के कारण मुख्य प्रवेश द्वार पर अचानक अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई. कार्यकर्ताओं के बीच मची धक्का-मुक्की में एक असहज स्थिति तब देखने को मिली, जब छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत कुछ देर के लिए मुख्य द्वार के बाहर ही फंसे रह गए. इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं.
सत्र समाप्त होने के बाद राहुल गांधी एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए. इस दौरान रास्ते में उनका एक बेहद अनौपचारिक अंदाज भी देखने को मिला.
एयरपोर्ट जाते समय राहुल गांधी सड़क किनारे एक चाय की टपरी पर रुके, जहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के साथ बिस्कुट साझा किए और बातचीत की.
इस दौरान उनके साथ सचिन पायलट, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और चरणदास महंत जैसे दिग्गज नेता भी मौजूद रहे. नेताओं से संवाद और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो गए.