पेंड्रा: नशे में धुत ड्राइवर ने तीन लोगों को कुचला, 1 मृत
पेंड्रा । डेस्क: बिलासपुर-अमरकंटक मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह उस वक्त मातम छा गया, जब एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने बस का इंतज़ार कर रहे तीन राहगीरों को कुचल दिया. यह हृदय विदारक सड़क हादसा पेंड्रा के मझगवां में हुआ. टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि कार हवा में करीब 10 फीट उछलकर सड़क पर पलट गई. इस दर्दनाक घटना में 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और उसकी मासूम बेटी गंभीर रूप से ज़ख़्मी हो गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अंडी गांव निवासी छक्के लाल चौधरी (50) के रूप में हुई है. वहीं, घायलों में ज्योति गुप्ता और उनकी 9 वर्षीय पुत्री गौरी गुप्ता शामिल हैं. बताया जा रहा है कि ज्योति अपनी बेटी के साथ मायके अनूपपुर जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़ी थी, जबकि छक्के लाल अपनी बेटी को लेने के लिए वहाँ मौजूद थे.
हादसे के तुरंत बाद दोनों घायलों को पेंड्रा के ज़िला अस्पताल पहुंचाया गया. बच्ची गौरी गुप्ता की आँख में गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टरों ने उसे तत्काल बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया है, जहाँ उसकी हालत नाज़ुक बनी हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक पूरी तरह से नशे में था और उसके वाहन पर कथित तौर पर पुलिस सायरन भी लगा हुआ था. घटना के बाद वहाँ मौजूद ग्रामीण आक्रोशित हो गए. लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे चालक को धर दबोचा और उसकी जमकर पिटाई कर दी.
गुस्साए ग्रामीणों ने न्याय की मांग करते हुए तत्काल मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया. सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस थाने की टीम, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, और राजस्व विभाग के कर्मचारी तुरंत मौक़े पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया.
पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों तथा कार में लगे सायरन को लेकर विस्तृत जाँच में जुट गई है.