शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ NHM कर्मचारियों की हड़ताल खत्म

C

CG Khabar

20 सित. 2025, 12:38 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

 NHM कर्मचारियों
NHM कर्मचारियों

रायपुर । संवाददाता: प्रमुख मांगे पूरी होने पर NHM कर्मचारी संघ ने अपनी हड़ताल को खत्म कर दिया है. उल्लेखनीय है कि NHM कर्मचारी अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर गए थे. राज्य सरकार ने इनमें से चार मांगों को पूरा कर दिया है. तीन अन्य मांगों पर समिति गठित कर कार्यवाही प्रारंभ की गई है, जबकि संविलयन, पब्लिक हेल्थ केडर और आरक्षण संबंधी मांगों पर भारत सरकार से निर्णय लिया जाना है.


मानी गई मांगों में 27 फीसदी वेतन वृद्धि है, जिसमें 5 फीसदी वेतन वृद्धि को सहमति मिल गई है. 22 फीसदी पहले ही बढ़ा दी गई थी, जिसमें अब 5 फीसदी बढ़ाकर 27 फीसदी कर दी गई. जुलाई 2023 से यह वेतन वृद्धि होगी.

विज्ञापन


इसके अलावा 30 दिनों का वैतनिक अवकाश की मांग पूरी हो गई है. वार्षिक कार्य मूल्यांकन यानी CR सिस्टम में पारदर्शिता, कैशलेस चिकित्सा बीमा 5 लाख तक की मांग मानी गई है.


3 अन्य मांगों के लिए सरकार करेगी कमेटी का गठन करेगी. इसमें ग्रेड पे निर्धारण, अनुकंपा नियुक्ति और स्थानांतरण की मांग के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी, जो तीन महीने में रिपोर्ट सौंपेगी.


छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के महासचिव कौशलेश तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि 3 सितंबर को बर्खास्त किए गए 25 NHM कर्मचारियों को कैबिनेट की मंजूरी के बाद बहाल किया जाएगा. यह मुद्दा आगामी कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा. तिवारी ने कहा कि जिला स्तर पर बर्खास्त किए गए लगभग 700 NHM कर्मचारियों को भी शीघ्र बहाल किया जाएगा. उन्होंने पुष्टि की कि हड़ताल पर रहे सभी 16,000 एनएचएम कर्मचारी शनिवार से काम पर लौटेंगे.


इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर हड़ताल समाप्त होने पर आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि राज्य का प्रत्येक कर्मचारी परिवार का सदस्य है और NHM कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर राज्यहित में सराहनीय निर्णय लिया है.


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों द्वारा हड़ताल समाप्त किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सराहनीय और राज्यहित में उठाया गया कदम बताया है.


इस अवसर पर विधायक किरण देव, छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ से डॉ अमित मिरी, डॉ रविशंकर दीक्षित, पूरन दास, कौशलेश तिवारी, हेमंत सिन्हा, दिनेश चंद्र, संतोष चंदेल, प्रफुल्ल पाल, डॉ देवकांत चतुर्वेदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP