शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़ में तलवार से व्यक्ति की हत्या

C

CG Khabar

05 जुल. 2025, 08:17 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

हत्या
हत्या

रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने तलवार से हमला कर एक व्यक्ति की जान ले ली. मृतक ने आरोपी को समझाने की कोशिश की थी, लेकिन गुस्से में आकर आरोपी ने उस पर तलवार से वार कर दिया. 


पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 जुलाई को तुरेकेला खड़ियापारा में हुई. मृतक की बेटी सुकवारा बाई खडिया ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी सम्पत खडिया के घर में छठी का आयोजन था, जिसमें गांव के कई लोग शामिल हुए थे. इस दौरान जगन्नाथ खडिया और अर्जुन खडिया के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. 


मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को समझाकर मामला शांत कर दिया, लेकिन अर्जुन गुस्से में वहां से चला गया.


सुकवारा बाई के अनुसार, अर्जुन कुछ देर बाद तलवार लेकर लौटा और जवाहर तथा राम कुमार पर हमला करने की कोशिश की. मृतक केन्दाराम खडिया ने अर्जुन को शांत करने की कोशिश की और उसे समझाने की कोशिश में बाहर चले गए. लेकिन अर्जुन ने गुस्से में केन्दाराम पर पीछे से तलवार से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गये. 


इसके बाद अर्जुन ने उनके सीने पर भी तलवार से प्रहार किया, जिसके कारण अत्यधिक रक्तस्राव होने से केन्दाराम की मौके पर ही मौत हो गई.


पुलिस ने इस मामले में अर्जुन खडिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP