छत्तीसगढ़: जशपुर में नाबालिग से दरिंदगी, 9 आरोपी गिरफ्तार
जशपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया. घटना 17 फरवरी की है, जब पीड़िता अपनी बड़ी बहन के साथ रिश्तेदारी से लौट रही थी. रास्ते में नशे की हालत में मौजूद नौ बदमाशों ने दोनों बहनों को घेर लिया.
बड़ी बहन किसी तरह जान बचाकर भाग निकली और परिजनों को सूचना दी, लेकिन मुख्य आरोपी नीरज लकड़ा (23) और एक अन्य नाबालिग ने छोटी बहन को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. अन्य सात आरोपी इस घिनौनी वारदात के दौरान मूकदर्शक बने रहे.
पीड़िता ने दो दिनों तक डर के साए में रहने के बाद परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई. जब मामला गांव में फैला, तो आरोपियों ने पीड़िता के परिवार को मोटी रकम का लालच देकर चुप कराने की कोशिश की और पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी.
हालांकि, परिजनों ने साहस दिखाते हुए 20 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर गठित चार विशेष टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी नौ आरोपियों को दबोच लिया.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आठ बालिगों को जेल और एक नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है.