नाबालिग की ट्रेन से फेंककर हत्या, प्रेमी सहित 3 गिरफ्तार
खैरागढ़ । डेस्क: छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) में 14 वर्षीय किशोरी की नृशंस हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. इस मामले में पुलिस ने 27 वर्षीय मुख्य आरोपी और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे और जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो उसकी हत्या की साजिश रच डाली.
घटना 28 मार्च की रात की है, जब पीड़िता अपने मामा के घर एक शादी समारोह में गई थी. रात करीब 11:30 बजे आरोपी अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया.
साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने रास्ते में ही पीड़िता के कपड़े बदलवाए और उसका मोबाइल तोड़कर फेंक दिया. इसके बाद वे उसे डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन ले गए और बिलासपुर जाने वाली वैनगंगा एक्सप्रेस में सवार हो गए.
पुलिस जांच में सामने आया कि जब ट्रेन मस्तुरी थाना क्षेत्र के जयरामनगर स्टेशन के पास पहुंची, तो शादी की बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ.
इसी दौरान तीनों आरोपियों ने मिलकर किशोरी को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अकलतरा स्टेशन पर उतरकर फरार हो गए.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों को ट्रैक किया.
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं. व्यस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, वहीं नाबालिग सहयोगी को सुधार गृह भेजा गया है.